अयोध्या। गोरखपुर से लखनऊ आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार को पथराव किया गया। ट्रेन की 4 बोगियों के कई शीशे टूट गए हैं। हालांकि, इसमें किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। यह पथराव अयोध्या के सोहावल स्टेशन के पास किया गया।

SSP अयोध्या राजकरन नैय्यर ने बताया, “3 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ये लोग बकरी चराने वाले हैं। उनकी 6 बकरियां वंदे भारत ट्रेन से कट गई थीं। इसी आवेश में उन्होंने ट्रेन पर पत्थर फेंके।”
वहीं, नॉर्दर्न रेलवे की सीनियर DCM रेखा शर्मा ने बताया, ”ट्रेन पर पत्थरबाजी हुई है। ट्रेन में CCTV लगे हैं, उसकी फुटेज निकलवाई जा रही है। जांच में इससे मदद मिलेगी।” बता दें कि 3 दिन पहले यानी 7 जुलाई को ट्रेन को पीएम मोदी ने ट्रेन को गोरखपुर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
अयोध्या SSP बोले-मुन्नू और उसके बेटे हमारी कस्टडी में
SSP अयोध्या राजकरन नैय्यर ने बताया, “11 जुलाई यानी आज सुहावल स्टेशन के पास RPF को जानकारी मिली कि वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका गया है। पुलिस टीम घटनास्थल के पास पहुंची। यहां जांच पड़ताल में सामने आया कि 9 जुलाई को मुन्नू पासवान की 6 बकरियां ट्रेन की चपेट में आने से मर गई थीं। इसी आक्रोश में मुन्नू और उसके 2 बेटे अजय और विजय ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। गांव में जाकर पुलिस ने तीनों को अरेस्ट कर लिया है। मौके पर RPF और रौनाही पुलिस टीम तैनात है।”
4 बोगियों में 200 से ज्यादा यात्रियों सफर कर रहे थे
बताया जा रहा है कि जिन 4 बोगियों में हमला किया गया। उसमें करीब 200 से ज्यादा यात्री सफर कर रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक कोच C1 में सीट संख्या 33, 34, कोच C3 में 20, 21, 22, कोच C5 में 10, 11, 12 और कोच E1 में सीट संख्या 35 36 के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेन सुबह 6 बजे गोरखपुर से चलती है और 10 बज के 20 मिनट पर लखनऊ आती है।
कोच की स्थिति
- कुल 8 कोच
- 7 कोच AC चेयर क्लास
- एक कोच एग्जीक्यूटिव क्लास
जाने ट्रेन की कुछ अन्य विशेषताएं
- ट्रेन में मेट्रो की तरह आने वाले स्टेशन की जानकारी मिलती है।
- 100 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार महज 52 सेकेंड में पकड़ लेती है।
- दो मिनट नौ सेकंड में 160 की स्पीड पकड़ लेती है।
- दिव्यांगों के सुविधा के लिए ब्रेल लिपि में सीट संख्या लिखी है।
- दिव्यांगों के लिए स्पेशल टॉयलेट
एक बार में 456 यात्री कर सकते हैं सफर
ट्रेन के डिब्बे चेन्नई में तैयार हुए हैं। सीट के नीचे चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं। 8 कोच की ट्रेन में अधिकतम 456 यात्री सफर कर सकते हैं। यात्री की सुविधा के लिए फर्स्ट ऐड बॉक्स रखा गया है। ट्रेन में क्रू मेंबर की कोच के पीछे खाना गर्म करने और पानी ठंडा रखने के लिए मशीन लगी है। अटेंडेंट की मदद से यात्रियों को गर्म खाना और ठंडा पानी मिलता है।
पहले भी हो चुका है हमला
वंदे भारत पर पत्थर फेंकने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 26 फरवरी को मैसूर चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका गया था। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव किया गया था। 19 जून को केरल में भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की गई थी। ट्रेन के E1 कोच पर पथराव किया गया था। यह ट्रेन दिल्ली से देहरादून जा रही थी।