सूरत में सोमवार को दिल्ली की तरह दिल दहला देने वाली घटना का खुलासा हुआ। यहां रात में एक कार ने बाइक सवार कपल को टक्कर मार दी। पत्नी सड़क पर गिर गई, जबकि पति कार के नीचे फंस गया। हादसे के बाद पत्नी बेहाल सी पति को खोजती रही, लेकिन वह नहीं मिला। दूसरे दिन पति की लाश घटनास्थल से 12 किमी दूर मिली। यह घटना पिछले हफ्ते बुधवार रात 10 बजे की है।
पहले समझें मामला क्या है
सूरत जिले के पलसाना तालुका के तंतिठिया गांव के बाहरी इलाके में बीते बुधवार रात को सागर पाटिल (24) पत्नी अश्विनी के साथ बाइक से घर जा रहे थे, तभी एक लग्जरी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। अश्विनी वहीं सड़क पर गिर गई, जबकि उसके पति का शव अगले दिन मिला।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच की, लेकिन आसपास कोई CCTV नहीं होने के कारण आरोपी का कोई पता नहीं चल सका। घटना के दो दिन बाद इस मामले में एक युवक सामने आया और पुलिस को वीडियो दिखाया। इससे पूरी वारदात का खुलासा हुआ। इसके जरिए पुलिस आरोपी के घर पहुंची और कार की पुष्टि की। आरोपी चालक फरार है।
वीडियो बनाने वाला युवक बोला – कार के नीचे शव फंसा देखा
वीडियो रिकॉर्ड करने वाले युवक ने बताया कि वह कामराज के कोसमड़ी गांव से सूरत आ रहा था। उसके आगे एक कार चल रही थी। सड़क पर स्पीड ब्रेकर जैसा कुछ आया। उसने देखा कि अचानक एक युवक कार के नीचे फंस गया। उसने कार का पीछा किया, लेकिन कार तेज रफ्तार में थी। उसने वीडियो बना लिया। अगले दिन पता चला कि एक युवक का एक्सीडेंट हुआ है और चालक उसे दूर तक घसीटता ले गया। इसके बाद पुलिस से संपर्क किया।