UN में भारत ने फिर पाकिस्तान को धोया! चीन को लेकर कही बड़ी बात
डिजिटल डेस्क। संयुक्त राष्ट्र में सुरक्षा परिषद की एक बैठक में गुरुवार को भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को जमकर धो दिया। भारत ने कहा है कि जो देश अपने तुच्छ राजनैतिक फायदे के लिए पड़ोसी देशों में आतंकवाद फैलाते हैं, उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। माना जा रहा है कि भारत ने पाकिस्तान का नाम लिए उसी पर निशाना साधा है। भारत ने ये भी कहा कि अब दुनिया के देशों को आतंकवाद के खिलाफ एक साथ खड़े होना चाहिए। भारत ने सुरक्षा परिषद की इस बैठक में परोक्ष रूप से चीन की भी सीमा समझौतों का उल्लंघन करने के लिए आलोचना की।
गुरुवार को जापान की अध्यक्षता में सुरक्षा परिषद में खुली चर्चा हुई। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून का शासन होना चाहिए, जिससे देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को आक्रामकता, आतंकवाद से कोई खतरा ना रहे। यह तभी संभव होगा, जब सब देश आतंकवाद जैसे खतरों से निपटने के लिए साथ आएं। कंबोज ने कहा कि राजनैतिक फायदे के लिए दोहरे मापदंड नहीं अपनाए जाने चाहिए।