आर पी पी न्यूज़ :सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर स्थानीय कस्बे में रविवार की सुबह एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई। परिजनों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी लोटन में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में महिला का बयान नायब तहसीलदार नौगढ़ लालता प्रसाद साहू ने दर्ज किया। महराजगंज जनपद के खुटहां थाना पनियरा निवासी रामलाल प्रजापति की बेटी ममता की शादी कस्बा निवासी लालबहादुर के साथ हुई है। रोज की भांति रविवार को ममता घर में भोजन बना रही थी। अचानक उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो उसे जली अवस्था में देखा। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने घटना को संदिग्ध देख मामले की जानकारी पुलिस को दी। एसएसआई कन्हैया लाल मौर्या ने बताया कि घटना की जानकारी है। घटना की जानकारी होने पर अस्पताल में पुलिस गई थी। महिला के मायके वालों के आने का इंतजार किया जा रहा है। यदि तहरीर मिली तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार महिला को गोरखपुर मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर किया गया है। महिला ससुराल के लोगों का कहना है कि वह घर पर अकेले थी। भोजन बनाने के दौरान वह जल गई है।